Hindi Poem of Ajay Pathak “Chireya dhire dhire bol , “चिरैया धीरे धीरे बोल ” Complete Poem for Class 10 and Class 12

चिरैया धीरे धीरे बोल -अजय पाठक

Chireya dhire dhire bol – Ajay Pathak

 

चिरइया, धीरे-धीरे बोल!

अंतर्मन के अध्यायों के पन्नों को मत खोल।
अभी-अभी तो अपनी आँखें प्राची ने खोला है,
मलयानल है, मन का तरुवर अभी नहीं डोला है।
अरी निर्दयी! अभी हृदय में पीड़ा तो मत घोल।
चिरइया, धीरे-धीरे बोल!

विरह-वेदना में ही गुंफित तेरा गुंजित स्वर है,
सत्य सनातन यह भी लेकिन, सुख भी तो नश्वर है।
क्षण भर का जीवन है अपनी! बातों में रस घोल।
चिरइया, धीरे-धीरे बोल!

उगते सूरज को अंबर में थोड़ा तो चढ़ने दे,
पीडा की लंबी परछाई बढ़ती है बढ़ने दे,
धूप-छाँव के चलते क्रम को अनुभव से ही तोल।
चिरइया, धीरे-धीरे बोल!

Read More  Hindi Poem of Sahir Ludhianvi “ Nazare kalij“ , “नज़रे-कालिज” Complete Poem for Class 9, Class 10 and Class 12

तेरा यह आलाप हृदय को बेकल कर जाता है,
मन के सूखे अंतःसर में सागर भर जाता है,
महाप्रलय के द्वार-अबूझे-शब्दों से मत खोल।
चिरइया, धीरे-धीरे बोल!

झरते वन का सूखा तरुवर अपना ठौर-ठिकाना,
ऊपर से तेरा यह निष्ठुर विरही तान सुनाना,
नयन-कोर से झर जाते हैं रतन कई अनमोल।
चिरइया, धीरे-धीरे बोल!

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.